बिलासपुर। बिलासपुर मुख्य डाकघर अब पूरी तरह से ऑनलाइन होने वाला है। डाकघर में अब किसी भी तरह के पेपर का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इसके अलावा रजिस्टरी करवाने के बाद लोग घर बैठ आसानी से देख सकते हैं, कि उनकी रजिस्टरी कहां पर पहुंची है। मुख्य डाकघर को ऑनलाइन करने का कार्य चला हुआ है। तीन जुलाई से बिलासपुर का मुख्य डाकघर पूरी तरह से ऑनलाइन तरीके से कार्य करना शुरू कर देगा।
जिन भी लोगों ने डाक विभाग के पास अपने बचत खाते या बीमा करवाए हैं, वह सभी ऑनलाइन हो जाएंगे। लोग घर बैठे नेट बैंकिंग की तरह ऑनलाइन अपने खातों व बीमा पॉलिसी का स्टेटस चेक कर सकते हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा खास बात यह है कि रजिस्टरी करने के बाद भी लोगों को फोन पर मैसेज आएगा कि उनकी रजिस्टरी डिस्पैच हो गई है। जब अपने मूल स्थान पर रजिस्टरी पहुंच जाएगी तो भी उसका मैसेज भेजने वाले को मिलेगा ताकि उसे यह पता लग सके की उसके भेजे हुए कागज या अन्य जरूरी सामान सही तरीके से पहुंच गए हैं। साथ ही जो अन्य कार्य पोस्ट ऑफिस में किए जाते हैं, सभी ऑनलाइन हो जाएंगे। किसी भी कार्य के लिए पेपर का प्रयोग नहीं किया जाएगा। प्रदेश के चंबा व मंडी जिला को छोड़ कर सभी जिलों में डाक विभाग ने पेपर लेस कार्य करना शुरू कर दिया है। 10 जुलाई को मंडी भी पेपर लैस हो जाएगा।
बिलासपुर के पोस्टमास्टर दयाराम का कहना है कि बिलासपुर का मुख्य डाकघर तीन जुलाई से पेपर लेस हो जाएगा। कोई भी कार्य अब पेपर पर नहीं होगा। सभी तरह की रिपोर्ट व अन्य कार्य ऑनलाइन ही होंगे। इसके अलावा अन्य सभी प्रकार के कार्य भी ऑनलाइन होंगे।