पीएचसी दधोल एक चिकित्सक के सहारे
उन्हें भी भेजा जा रहा दूसरे अस्पतालों में, नहीं मिल पा रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
चिकित्सक के न होने पर लगाना पड़ता है स्वास्थ्य केंद्र में ताला
अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी(बिलासपुर)।
घुमारवीं उप मंडल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दधोल में तैनात एकमात्र डॉक्टर की सेवाएं आय दिन दूसरे अस्पतालों में लेने से लोगों में रोष। स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सक हैं। उसे भी कई बार दूसरे केंद्रों में भेज दिया जाता है। इस कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दधोल में मजबूरी में ताला लगाना पड़ता है। इस कारण क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से महरूम होना पड़ रहा हैं। हालांकि लोगों ने इस संबंध में कई बार विभाग और सरकार से समस्या का समाधान करने की मांग की जा चुकी है। लेकिन इसके बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
लोगों का कहना है कि इस बारे में पहले भी विभाग को अवगत करवाया था। इसके बाद कुछ दिनों तक डॉक्टर की ड्यूटी दूसरे अस्पताल में नहीं लगाई गई। परंतु अब फिर से यहां तैनात डॉक्टर की ड्यूटी कभी भराड़ी तो कभी घुमारवीं अस्पताल में लगाई जा रही है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पडयालग पंचायत की प्रधान सुनीता, उप प्रधान राजेश कुमार, गाहर पंचायत के प्रधान कुलतार, दधोल पंचायत के प्रधान बलदेव, वार्ड सदस्य ध्यानी देवी, मदन, गोपाल, पवन, प्रेमलाल, सतीश, लखबीर, अमरनाथ ने बताया कि किसी भी छोटी-मोटी बीमारी के दौरान लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दधोल का रुख करते हैं। जहां पर एकमात्र डॉक्टर तैनात है। लेकिन विभाग यहां तैनात डॉक्टर को कभी घुमारवीं तो कभी भराड़ी अस्पताल भेज देता है। इससे लोगों को बिना इलाज लौटना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि रोजाना दर्जनों लोग यहां इलाज करवाते हैं। लेकिन पर अगर डॉक्टर न मिले तो लोगों को 10 किमी दूर घुमारवी या 8 किमी दूर भराड़ी जाना पड़ता है। लोगों ने बताया कि यहां पर तैनात डॉक्टर को दूसरी जगहों पर न भेजने के लिए दधोल पंचायत की तरफ से प्रस्ताव भी बीएमओ को सौंपा है। परंतु लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर न होते हुए विभाग यहां तैनात डॉक्टर की सेवाएं दूसरे अस्पताल में ले रहा है।
बीएमओ घुमारवीं डॉ. कमल किशोर ने कहा कि भराड़ी अस्पताल में डॉक्टर की कमी के चलते दधोल के डॉक्टर को हफ्ते में एक दो दिन के लिए भेजा जा रहा है। जल्द ही समस्या का हल हो जाएगा। दधोल में तैनात डॉक्टर दधोल में ही सेवाएं देंगे ताकि लोगों को परेशानी न हो।