बिलासपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बिलासपुर एवं अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के संयुक्त तत्वावधान में लुहणू वॉटर स्पोर्ट्स (जल क्रीड़ा) केंद्र बिलासपुर में तैराकों को तैयार करने के लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता लुहणू जल क्रीड़ा केंद्र की प्रभारी जमुना ठाकुर ने की। जबकि बतौर मुख्यातिथि आपदा शिविर प्रशिक्षण क्षमता के समन्वयक प्रवीण भारद्वाज ने की। हिमाचली परंपरा के अनुसार मुख्यातिथि को हिमाचली टोपी व फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया।
जमुना ठाकुर ने बताया कि शिविर में होमगार्ड के दो जवान, सामाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब व पैराग्लाइडर एसोसिएशन के दो-दो पदाधिकारी, शिक्षण संस्थान, युवा मंडल, महिला मंडल से लगभग दस प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। मुख्यातिथि ने कहा कि शिविर में पानी में बचाव कार्य संबंधी बारीकियां सिखाई जाएंगी। पोंग डैम जल क्रीड़ा केंद्र के प्रशिक्षक संजीव कुमार चौधरी और लुहणू जल क्रीड़ा केंद्र की प्रभारी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे। इस मौके पर ईशान अख्तर, कुलदीप सिंह, तानिया ठाकुर, ललित कुमार, ज्योति शर्मा, पुनीत आदि मौजूद रहे।