हिमाचल से 500 मिड-डे मील कार्यकर्ता करेंगी प्रदर्शन
19 नवंबर को मिड-डे मील कार्यकर्ता दिल्ली में जाकर संसद का करेंगी घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। केंद्र सरकार के अड़ियल रवैये से खफा होकर बिलासपुर जिला के 500 मिड-डे मील कार्यकर्ता 19 नवंबर को नई दिल्ली में जाकर संसद का घेराव करेंगे। एटक से संबंधित मिड-डे मील कार्यकर्ता यूनियन बिलासपुर की जिलाध्यक्ष कमलेश ठाकुर ने बताया कि 19 नवंबर के दिन अपनी मांगों के हक के लिए संसद का घेराव किया जाएगा।
बता दें कि गत 14 साल से प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्कूलों में बच्चों को दोपहर का भोजन बनाने के लिए महिलाओं की तैनाती की गई है। आज के समय आसमान को छू रही इस महंगाई के दौर में मिड-डे मील कार्यकर्ता को मात्र 1800 रुपये मानदेय के रूप में दिया जा रहा है। मानदेय में 1100 रुपये केंद्र सरकार दे रही है जबकि 700 रुपये हिमाचल सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
कमलेश ठाकुर ने बताया कि गत 5 साल से केंद्र सरकार की तरफ से उनके मानदेय में एक भी पैसे की कोई भी बढ़ोतरी नहीं हुई है जिस कारण अब उनका सब्र का बांध टूट चुका है। जबकि महंगाई की मार से उन्हें अपने परिवार का पालन पोषण करने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर से 500 मिड-डे मील कार्यकर्ता महिलाएं 18 नवंबर को दिल्ली के लिए रवाना होंगी तथा 19 नवंबर को नई दिल्ली में संसद का घेराव किया जाएगा।
------------
...विक्रम ठाकुर।