बिलासपुर।
परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि सूबे में घाटे में चल रहे वोल्बो बसों के रूट बंद किए जाएंगे। इसके लिए सरकार रिपोर्ट तैयार कर रही है। सभी डिपो से इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा लाभ वाले रूटों में वोल्वों बसें चलती रहेंगी। युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए सरकार नए रूट जारी करने पर भी विचार कर रही है। वह बिलासपुर में शनिवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एचआरटीसी के पास करीब 4.5 बीघा जमीन है, जहां बस अड्डे का विस्तार करने किया जाएगा। वहीं चंगर सेक्टर में स्थित शहीद स्मारक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था करके यहां के शहीदों को सम्मान व श्रद्धांजलि देने का प्रयास किया जाएगा। इस स्मारक में बिलासपुरी बोली, हिंदी व अंग्रेजी में वीर सैनिकों की गाथाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण पर 8.54 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिला के विभिन्न स्कूलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मल्टीपर्पज खेल मैदान निर्माण के लिए सरकार द्वारा धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है। कहा कि इंडोर स्टेडियम के सुधार के लिए 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लावारिस पशुओं के लिए झंडूता विस क्षेत्र में चार हेक्टेयर जमीन का चयन किया गया है, जहां लावारिस पशुओं को खुला छोड़ा जाएगा। पूरी जमीन की बाड़बंदी की जाएगी। इसके लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि बिरोजा फैक्ट्री में भी व्यवस्था को पटरी पर लाने की आवश्यकता है।
बिलासपुर से चंडीगढ़ चलेगी अतिरिक्त बस
परिवहन मंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ से आने वाले लोगों और छात्रों को बस में बिलासपुर के लिए टिकट देना अनिवार्य किया जाएगा। वहीं बिलासपुर से एक अतिरिक्त बस सेवा भी चंडीगढ़ के लिए शुरू की जाएगी। वहीं एक बस सेवा बिलासपुर से पीजीआई होते हुए चंडीगढ़ और बिलासपुर से आईजीएमसी शिमला के लिए चलाने का भी प्लान तैयार किया जाएगा।