अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नध्यार में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि नध्यार गांव के सेवानिवृत्त शारीरिक अध्यापक शंकर भारद्वाज ने बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का आगाज ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया गया। नीलू और सहेलियों ने सरस्वती वंदना की। उसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बिंदु और सहेलियों ने देश मेरा रंगीला पर शानदार प्रस्तुति देकर तालियां बटोरी।
मंच पर नौनिहालों ने रोहडू़ जाना मेरी अम्मिये पर नाटी डालकर लोगों को पहाड़ की सैर करवाई। प्रधानाचार्य शिव कुमार चंदेल ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। अपनी-अपनी कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले छात्रों अंकिता, ईशा, रीतिका, सुरजीत और अंकिता को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुरेशना शर्मा, अनुपमा शर्मा, यशोदा देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।