अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
रविवार को बिलासपुर के लुहणू इंडोर स्टेडियम में पावर जिम के बैनर तले होने जा रही राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी आशय को लेकर शुक्रवार को जिम के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें तय किया गया कि रविवार को सुबह 11 बजे से बॉडी बिल्डरों को पंजीकरण शुरू हो जाएगा। दो बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा।
आयोजक और प्रतियोगिता के प्रभारी मोहित बंसल ने बताया कि इसका शुभारंभ वार्ड नंबर-5 के पार्षद नरेंद्र पंडित करेंगे। इस दौरान अर्द्धनारीश्वर संस्था की अध्यक्ष बिजली महंत भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर हरीश नड्डा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार मिस्टर इंडिया रनर अप शैंटी सिंह और मिस्टर नॉर्थ इंडिया विनर रूपांकर पब्बी गेस्ट पोजिंग में दिखेंगे।
इसके लिए दोनों बॉडी बिल्डरों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर गठित कमेटियों का गठन कर लोगों को दायित्व सौंप दिए हैं। उन्होंने बताया कि बिलासपुर में ये अनूठा कार्यक्रम होगा। इस प्रतियोगिता में पूरे हिमाचल के बॉडी बिल्डरों के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग कैटेगिरी में अव्वल रहने वाले बॉडी बिल्डर्स को आयोजन समिति की ओर से नकद इनाम के साथ आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर के युवाओं को जिम, एक्सरसाइज और बॉडी बिल्डिंग की कला से जोड़ कर नशे से दूर करने के लिए सफल प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को लुहणू में होने वाले आयोजन को लेकर खाका तैयार किया जा चुका है। बैठक में मोहित बंसल, सुनील सहगल, सिद्धार्थ, रोहित बंसल, नवीन वात्सयायन जौंटी, विक्रम ठाकुर (गोल्डी), आशीष बंसल, आयुष, दिनेश और इशित आदि मौजूद रहे।