बरमाणा (बिलासपुर)। जिले में हो रही बारिश जहां किसानों के लिए लाभकारी है, वहीं लोगों के लिए आफत भी बन रही है। बरसात से रास्ते क्षतिग्रस्त होना भी शुरू हो गए हैं। जुखाला क्षेत्र के तहत आने वाले गांव शिकरोहा में बारिश से छह गांवों का आम रास्ता टूट गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस रास्ते की मरम्मत करवाई जाए।
ग्रामीण देशराज, अजय, बिट्टू, नरेंद्र, सौरभ का कहना है कि यह रास्ता शिकरोहा गांव में रहने वाले नरेंद्र सिंह कंवर के घर के पास टूटा है जहां पर रास्ता टूट कर खेतों में जा गिरा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से होकर चंदपुर, चम्यारा, पंजैहली, समोग, शिल्ला, शिकरोहा गांव में रहने वाले बच्चे शिकरोहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में पढ़ने जाते हैं, जबकि एसवीएम स्कूल में भी बच्चे पढ़ने के लिए इसी मार्ग से होकर जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव के एकमात्र हैंडपंप को भी जाता है। जबकि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों द्वारा भी इसी रास्ते का इस्तेमाल ज्यादातर किया जाता है। ऐसे में इस रास्ते को दुरुस्त होना जरूरी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस रास्ते को तुरंत दुरुस्त करवाया जाया, ताकि ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़ेगा।