बिलासपुर। विभिन्न विभागों के माध्यम से चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए अधिकारी उन कार्यों की सूची व वस्तुत: स्थिति की सूचना भेजना सुनिश्चित बनाएं ताकि उनकी प्रगति की समीक्षा करके उन कार्यों में तीव्रता लाई जा सके। यह बात उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी विभागीय भवन राजस्व रिकॉर्ड में विभाग के नाम से दर्ज नहीं है वे विभाग राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए राजस्व विभाग प्राथमिकता के साथ सहयोग करेगा। उन्होंने रेलवे कार्य में तीव्रता लोनिवि व वन विभाग को निर्देश दिए कि वे शीघ्र फलदार व अन्य पेड़ों का मूल्यांकन करना सुनिश्चित बनाएं ताकि लोगों को उसका मुआवजा प्रदान किया जा सके। उन्होंने जिला बिलासपुर में जलमग्न हुए प्राचीन मंदिरों के स्थानांतरण करने के बारे में बताया कि 28 जून को दिल्ली से इन मंदिरों का सर्वे करने के लिए दल पहुंचेगा जोकि अपनी सर्वे रिपोर्ट तैयार करेगा कि किस प्रकार से इन मंदिरों को स्थानांतरित करना संभव होगा।
उन्होंने कहा कि जिला में पर्यटन की आपार संभावनाएं हैं। यदि प्राचीन मंदिरों का सही स्थल पर मौलिक स्वरूप के अनुरूप स्थापना होती है तो निकट भविष्य में यह मंदिर पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बिन्दू तो होंगे ही, इसके साथ जिला विश्व पर्यटन मानचित्र पर भी ऐतिहासिक धरोहर के लिए अपना स्थान अंकित करेगा।
उन्होंने बताया कि जिला में पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जल, थल, नभ खेलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस मौके पर एडीएम राजीव कुमार, एसडीएम प्रियंका वर्मा, सहायक आयुक्त पूजा चौहान, सीएमओ डॉ. प्रकाश दड़ोच, डीआरओ देवी राम व अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।