बिलासपुर में एनटीटी शिक्षक भर्ती के साक्षात्कार में पहुंचे अभ्यर्थी। संवाद
-जिले में दी लिंक कंपनी की ओर से भरे जाएंगे 198 पद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में प्रारंभिक बचपन देखभाल और शिक्षा शिक्षक (एनटीटी) के 198 पदों को भरने के लिए चल रही साक्षात्कार प्रक्रिया के अंतिम दिन 156 अभ्यर्थी पहुंचे।
यह साक्षात्कार दी लिंक कंपनी शिमला की ओर से लिए गए। साक्षात्कार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला बिलासपुर में हुए। साक्षात्कार के अंतिम दिन उपमंडल श्री नयना देवी और स्वारघाट के 156 अभ्यर्थी शामिल हुए। साक्षात्कार सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चले। इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज मूल्यांकन का कार्य किया गया। साक्षात्कार के पहले दिन घुमारवीं उपमंडल से 284 अभ्यर्थी पहुंचे थे। दूसरे दिन उपमंडल सदर और झंडूता के 505 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिले में एनटीटी के 198 पद भरे जाने हैं। इसमें शिक्षा खंड घुमारवीं में 82, झंडूता में 47, सदर में 46 और श्री नयना देवी में 23 पद शामिल हैं। इन सभी पदों को आउटसोर्स आधार पर ही भरा जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को मासिक वेतन 6,058 रुपये, ईपीएफ और ईएसआई काट कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों को प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से सत्यापित किया जाएगा, जिसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी। इन पदों के लिए अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता जमा दो 50 प्रतिशत अंकों के साथ और साल का एनटीटी का डिप्लोमा निर्धारित है। आर्थिक वर्ग के अभ्यर्थियों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी गई हैं।