अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। शिमला आईजीएमसी में कुछ दिनों पहले स्वाइन फ्लू से ग्रसित बिलासपुर के नौनिहाल की मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने सोमवार को बिलासपुर के प्रभावित एरिया में जाकर वहां पर स्थित लोगों की स्क्रीनिंग की है। साथ ही उक्त परिवार के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य की भी जांच की है ताकि अगर किसी भी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाते हैं तो विभाग शुरूआती चरण में ही उसका इलाज शुरू कर दे।
बता दें कि अभी तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से ग्रसित मरीजों को काफी मौतें हो चुकी हैं जिसके चलते प्रदेश भर में इस बीमारी को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों की माने तो स्वाइन फ्लू एक विशेष इन्फ्लदुंजा-ए वायरस से ग्रसित मरीज के संपर्क में आने से होता है। स्वाइन फ्लू से ग्रसित मरीज के लक्षण बुखार, खांसी, गला दुखना, नाक बहना, सिरदर्द, बदन दर्द, सांस लेने में कठिनाई, दस्त व उल्टियां इसके लक्षण है। अगर इस प्रकार के लक्षण किसी भी व्यक्ति में पाए जाते हैं, तो वह तुरंत अपनी जांच नजदीकी अस्पताल में जाकर करवाए।
इनसेट..
डरे नहीं, स्वाइन फ्लू है एक मामूली बुखार
स्वास्थ्य विभाग बिलासपुर के एमओएच डॉ. परविंद्र सिंह का कहना है कि स्वाइन फ्लू से डरने की कोई बात नहीं है। स्वाइन फ्लू एक मामूली बुखार है। उन्होंने बिलासपुर के लोगों से आह्वान किया है कि अगर किसी भी प्रकार का बुखार किसी को होता है तो वह तुरंत अस्पताल पहुंचे।