- सहकारी सभाओं में 465 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में कुल 220 सहकारी सभाएं कार्यरत हैं, जिनमें से 149 सहकारी सभाएं लाभ में चल रही हैं। शेष सहकारी सभाओं को लाभ में लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इन 220 सहकारी सभा में 1,03,378 सदस्य शामिल हैं।
सहकारी सभाओं के अंतर्गत जिले में 4,65,50,07,000 रुपये की कार्यशील पूंजी निहित है। सहकारी सभाओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिले में 78 पीएसीएस सहकारी सभाओं का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है और सहकारी सभाओं के अंतर्गत 33 कॉमन सर्विस सेंटर खोले गए हैं, जबकि तीन नए पीएसीएस अथवा दुग्ध और मत्स्य सहकारी सभाओं का पंजीकरण किया गया है। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र योजना के तहत 6 सहकारी सभाओं में जन औषधि केंद्र खोले गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 78 प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र खोले गए हैं। राष्ट्रीय निर्यात सहकारी सभा योजना के अंतर्गत चार सहकारी सभाओं ने राष्ट्रीय निर्यात सहकारी सभाओं की सदस्यता प्राप्त की है। 7 सहकारी सभाओं ने राष्ट्रीय ऑर्गेनिक सहकारी सभा की सदस्यता प्राप्त की है और 10 सहकारी सभा में भारतीय बीज सहकारी समिति के सदस्यता प्राप्त की है। 222 सहकारी सभाओं का राष्ट्रीय को-ऑपरेटिव डेटाबेस योजना के अंतर्गत ऑनलाइन डाटा चढ़ाया गया है ।