अमर उजाला ब्यूरो
नयना देवी (बिलासपुर)।
ठंड का प्रकोप अब विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी के दरबार में भी देखने को मिल रहा है। ठंड व पंजाब राज्य में धुंध के प्रकोप के चलते श्रद्धालु नयना देवी नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे बाजार में सन्नाटा पसर गया है। दुकानदारों के चेहरों पर भी मायूसी छा गई है। दुकानदारों का कहना है कि श्रद्धालुओं का कम होना चिंता का विषय है।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में ठंड से लोग बेहाल हैं। ठंडी और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। हालांकि पंजाब के समीपवर्ती क्षेत्रों में छा रही धुंध के कारण श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी कम हुई है। जिसके चलते बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहता है। शनिवार को भी बाजार खाली रहे। लेकिन रविवार को श्रद्धालुओं के पहुुंचने की उम्मीद है। दुकानदारों का कहना है कि उनका काम अब केवल सुबह दुकान खोलना और बंद करना मात्र ही रह गया है।
दुकानदार प्रदीप कुमार, गोल्डी, सुरेश का कहना है कि हर वर्ष इन दिनों में ठंड के चलते श्रद्धालुओं की संख्या कम हो जाती है, जिससे दुकानदारी पर असर पड़ता है। लेकिन इस बार ठंड का प्रकोप जल्द बढ़ने से बाजार पर असर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि श्री नयना देवी के साथ लगते पंजाब के समीपवर्ती क्षेत्रों में कोहरा पड़ने के कारण भी श्रद्धालु कम संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।