अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवी(बिलासपुर)।
क्षेत्र की करीब 3 पंचायतों को सेवाएं देने वाला पटवार घर बकरोआ सड़क निर्माण के चलते मिट्टी के ढेर में बदल गया है। इससे यहां अपने काम के लिए आने वाले दर्जनों गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन सड़क पर समय-समय पर पानी का छिड़काव न होने के कारण वाहनों के टायर से उड़ती धूल न केवल पटवार घर को अपने कब्जे में ले लेती है। बल्कि अंदर रखे सामान पर भी धूल जम जाती है।
इससे वहां कार्यरत कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि बकरोआ पटवार घर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 शिमला धर्मशाला पर है। आज कल यहां सड़क निर्माण का काम युद्धस्तर पर जारी है। ऐसे में वहां दिन भर हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। वाहनों के गुजरते समय धूल-हवा में उड़ती है और पटवार घर को कब्जे में ले लेती है।
इससे वहां हर समय मिट्टी का गुबार हवा में उड़ता रहता है। बकरोआ पटवार घर में तैनात पटवारी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस बारे में सड़क निर्माण कंपनी को भी दूरभाष पर कई बार सूचित किया। लेकिन उन्होंने भी कोई कार्रवाही नहीं की। जिससे काम करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि पटवार घर में लोगों को पीने के पानी के लिए लगा नल भी काफी समय से सूखा पड़ा है। उसमें कभी भी पानी नहीं आता। इससे वहां आसपास पानी छिड़कना तो दूर पीने को पानी भी लोगों को नसीब नहीं हो रहा है ।
उन्होंने बताया कि इस बारे में जल विभाग घुमारवीं को भी अवगत कराया। परंतु उन्होंने भी इस ओर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। जिससे लोगों को पीने के पानी के भी यहां लाले पड़े हुए हैं। ग्राम पंचायत बकरोआ प्रधान अंजना धीमान ने बताया कि उन्होंने भी सड़क निर्माण कंपनी को इस बारे अवगत कराया था। कंपनी के कर्मचारियों ने कुछ दिन तो पानी का छिड़काव किया। परंतु बाद में छिड़काव करना बंद कर दिया। जिससे यहां पटवार घर में काफी डस्ट होने के कारण कर्मचारियों को काम करने में परेशानी आ रही है। पंचायत प्रधान अंजना धीमान ने बताया कि वह भी अपने स्तर पर सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारियों को सूचित करेंगी। ताकि समस्या का समाधान हो सके।