बिलासपुर। विस चुनावों के लिए 9 नवंबर को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले जिला के 394 पोलिंग बूथों के लिए चुनावी टीमें रवाना हो गईं। फाइनल रिहर्सल के बाद सभी टीमें, पुलिस और आईटीबीपी जवान पोलिंग स्टेशनों के लिए 62 एचआरटीसी की बसों में रवाना हो गए।
बिलासपुर के छात्र स्कूल मैदान में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने अपने कार्यों का ब्योरा लिया। सूचना पट्ट पर अपनी ड्यूटियों की जानकारी प्राप्त की। मंगलवार दोपहर बाद एचआरटीसी की बसें सभी कर्मचारियों को लेकर पोलिंग स्टेशनों को रवाना हो गईं। एचआरटीसी की 62 बसें जिले में चुनावी ड्यूटी पर लगाई गई हैं। इसमें 16 घुमारवीं, 16 झंडूता, 15 बिलासपुर और 15 श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हुईं। बसों के चुनावी ड्यूटी में होने से जिला के 30 से 35 लोकल रूट प्रभावित हुए। लेकिन शाम को बसें पोलिंग पार्टियों को छोड़ने के बाद अपने-अपने रूटों पर दौड़ पड़ीं। बसों के चुनावी ड्यूटी में होने से यात्रियों को दिक्कतें न हो इसके लिए एचआरटीसी बिलासपुर डिपो ने अपने बेड़े में शामिल सभी 120 बसों को सड़कों पर उतार दिया। कुछ बसों को निगम रिजर्व में वर्कशॉप में खड़ा करके रखता है। जिले में चारों विधानसभा क्षेत्रों में 394 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
चारों विस क्षेत्रों में 100-100 अधिकारी कर्मचारी रिजर्व पर
झंडूूता विधानसभा क्षेत्र में 100 मतदाता केंद्र स्थापित किए गए हैं। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में भी 100 मतदान केंद्र हैं। सदर बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में 99 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। श्रीनयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र में 95 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में 100-100 अधिकारियों, कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है ताकि पोलिंग बूथों पर तैनात कर्मचारियों की बीमारी या अन्य कठिनाइयों के दौरान रिजर्व से ड्यूटी लगाई जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि चुनावों को लेकर सभी पोलिंग स्टेशनों पर टीमें रवाना हो गई हैं। उपायुक्त ने बताया कि विस चुनावों के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।