बिलासपुर। जिला में शिक्षा विभाग ने मिड-डे मील के तहत आने वाले 27 हजार बच्चों की डाइट मनी की दरें बढ़ा दी हैं। पहली अप्रैल के बाद से बढ़ी हुई दरें जिला भर में लागू हो जाएंगी। डाइट मनी की दरों मेें शिक्षा विभाग ने 5.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। जिला के हजारों बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है।
पहली से पांचवीं कक्षा तक के प्रत्येक छात्र को 4.13 रुपये प्रति छात्र प्रतिदिन के हिसाब से भोजन उपलब्ध करवाया जाता था, वहीं इसमें 22 पैसे की बढ़ोतरी कर 4.35 रुपये प्रति छात्र कर दिया है। इसी प्रकार छठी से आठवीं तक के प्रति छात्र को 6.18 रुपये के हिसाब से भोजन दिया जाता था, जो 33 पैसे बढ़ गया है। अब पहली अप्रैल से 6.51 रुपये प्रति छात्र का भोजन दिया जाएगा। मिड-डे मील की बढ़ी हुई डाइट मनी की दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएगी। शिक्षा विभाग बिलासपुर ने जिला के सभी प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक व खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को इस बाबत अधिसूचना भी जारी कर दी है। जिसमें साफ लिखा है कि एक अप्रैल से बढ़ी हुई डाइट मनी की दरों से बच्चों को खाना मुहैया करवाया जाए।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे अमर सिंह ने बताया कि जिला में मिड-डे मील खाने की दरों में 5.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। एक अप्रैल के बाद से बच्चों को बढ़ी हुई दर के हिसाब से खाना दिया जाएगा।