अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। विधानसभा क्षेत्र झंडूता के विधायक जेआर कटवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का 40 प्रतिशत क्षेत्र पिछड़ा हुआ है जिसमें 39 पंचायतों में से 14 पंचायतें पिछड़ी घोषित हैं। चुनाव से पूर्व भी और उसके बाद भी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आवाज उठाई है और निरंतर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करके प्रत्येक पंचायत के हर गांव के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरकर उन्हें लाभान्वित किया जा सके।
विभिन्न विकासात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि वर्ष 2017 के शुरू से ही तीन बातों पर फोकस किया है। दूसरे क्षेत्रों की भांति सारे कोटधार क्षेत्र को भी मेन लाइन झंडूता से संपर्क में रखा जाए। पनौल से लेकर जेजवीं तक वाया नंद नगराओं सड़क मार्ग की 84 करोड़ की डीपीआर बनाई गई है उसमें 303 मीटर लंबा 47 करोड़ रुपये का पुल भी शामिल है। इसी वर्ष इस पुल का शिलान्यास करवाया जाएगा और कार्य शुरू किया जाएगा। तीन अन्य पुल दसलेड़ा से खमेड़ाकलां और रीरड़ोह से आनंदघाट व वाला से बैहना पुल बनाए जा रहे हैं। वाला से बैहना पुल के निर्माण के लिए 70 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्र में दो उच्च मार्गों के निर्माण की गतिविधियां भी आरंभ हो चुकी है इस बारे सभी औपचारिकताएं शीघ्र ही पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास ने रफ्तार पकड़ी है।
पेयजल समस्या से निपटने के लिए 38.20 करोड़ की डीपीआर बनकर मंत्री से भी अनुमोदित करवाकर योजना विभाग को भेज दी गई है। इसमें से 14 पंचायतें कोटधार क्षेत्र की और 6 अन्य पंचायतों को भी पेयजल की व्यवस्था होगी। 80 लाख लीटर उठाऊ पेयजल की योजना है इसके लिए भाखड़ा के कुठबांगुड़ स्थल से पानी को उठाया जाएगा। इसी वर्ष इस परियोजना का कार्य शुरू किया जाएगा।