बिलासपुर। जिले की पुलिस अब चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए नया प्लान तैयार किया है। इसके तहत गश्त के लिए रूट निर्धारित किए जाएंगे। इसमें एसपी, एएसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा समयसीमा भी निर्धारित की जाएगी, ताकि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही न बरती जा सके।
इस प्लान के तहत ऐसे रूट तैयार किए जाएंगे, जिसमें पूरा बिलासपुर जिला कवर हो जाए। सबसे खास बात यह है कि गश्त के दौरान अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को व्हाट्सएप लोकेशन भी एसपी को भेजनी होगी। इससे यह सुनिश्चित होगा पाएगा कि क्या तय रूट पर पुलिस मौजूद भी है या नहीं।
वहीं एक समय सीमा भी निर्धारित की जाएगी, जिसमें उस जगह तक पहुंचने का समय और वहां से रवाना होने का समय भी निर्धारित किया जाएगा। जबकि रवाना होने के बाद अगली जगह पर पहुंचने का भी समय निर्धारित किया जाएगा। अगर निर्धारित समय पर गश्त टीम उस जगह पर नहीं पहुंचती है, तो संबंधित टीम के मुखिया पर कार्रवाई हो सकती है।
वहीं एसपी ने इस बात का भी हल निकाला है कि अगर कोई अधिकारी अपना फोन किसी ओर को देकर झूठी लोकेशन उन्हें भेजता है, तो मौके पर से टीम की सेल्फी भी मंगवाई जाएगी। इससे साफ हो जाएगा कि मौैके पर कौन-कौन मौजूद है। जल्द ही गश्त के लिए चारों विधानसभाओं में रूट मैप तैयार किया जाएगा, जिसमें ड्यूटियां भी निर्धारित की जाएगी। वहीं जिस दिन चोरी या अन्य आपराधिक घटनाएं होगी उस दिन गश्त पर गई टीम की जिम्मेवारी सुनिश्चित की जाएगी और कोताही बरतने वालों पर कार्रवाई भी होगी।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि चोरी की वारदातों को कम करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अब गश्त पर गए पुलिस कर्मी और अधिकारी की लोकेशन व्हाट्सएप पर मंगवाई जाएगी। ताकि पता चल सके ही संबंधित अधिकारी है की नहीं। जरूरत पड़ने पर सेल्फी की मंगवाई जाएगी, इससे यह साफ हो जाएगा कि उक्त कर्मी और अधिकारी मौके पर मौजूद था या नहीं।