अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। इसे सिस्टम की लाचारी या गैर जिम्मेदाराना रवैया कहेंगे कि कंदरौर से भगेड़ जाने वाली सड़क पर गड्ढों को भरने के लिए बिछाई गई तारकोल सुबह-सुबह होते ही उखड़ गई। सारी की सारी बजरी सड़क पर इस कदर फैल गई कि वाहन चालकों को परेशानी खड़ी हो गई। वहीं इस घटिया कार्य को लेकर भगेड़ में लोगों और दुकानदरों में भी भारी रोष व्याप्त है।
ग्राम पंचायत औहर के पूर्व प्रधान देशराज शर्मा, स्थानीय दुकानदार सुरेंद्र पाल, बाबूराम, कश्मीर चंद, सुभाष चंद्र, सोहनलाल, प्रेमलाल, प्रकाश चंद ने बताया कि 3 दिन पहले एनएच 103 में पड़े गड्ढों को भरने के लिए विभाग ने तारकोल बिछाई लेकिन सुबह होते ही सारी की सारी तारकोल उखड़ गई जिससे सड़क पर बजरी ही बजरी बिखर गई। अब यह तारकोल की बजरी वाहनों के टायरों से उछलकर दुकानों की ओर उड़ रही है जिससे लोगों के चोटिल होने का भय बना हुआ है। साथ ही दो पहिया वाहन चालक भी इससे दुर्घटना का शिकार बन सकते हैं। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि उखड़ी टारिंग को दुरुस्त किया जाए।
वहीं एनएएचआई-103 के कनिष्ठ अभियंता देशराज ने कहा कि इसे दोबारा ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही इसे ठीक कर दिया जाएगा जिससे लोगों को राहत मिल जाएगी।
-