घुमारवीं अग्निशमन केंद्र के पास मिली गुच्छी
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में पाई जाने वाली गुच्छी घुमारवीं में भी पाई गई। अकसर ठंडे इलाकों या फिर पहाड़ों में पाई जाने वाली बहुमूल्य गुच्छी मैदानी इलाकों में पाई जा रही है। हिमालय के ऊंचे पहाड़ों में पैदा होने वाली गुच्छी को तलाश करना मुश्किलों भरा होता है, लेकिन गुच्छी अब मैदानी इलाकों में भी पाई जाने लगी है।
घुमारवीं अग्निशमन केंद्र के पास इसकी कुछ फसल पाई गई। इसे सबसे पहले अग्निशमन विभाग में कार्यरत चालक प्रेम ठाकुर ने देखा, उसने इसकी पहचान की। प्रेम ठाकुर ने बताया कि वह इससे पहले शिमला में कार्यरत थे, जिस कारण उन्हें गुच्छी की पहचान करने में आसानी हो गई। उन्होंने बताया कि वह अग्निशमन केंद्र में ड्यूटी पर तैनात थे, उसी दौरान उनकी नजर गुच्छी पर पड़ी। जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुच्छी की कीमत काफी ज्यादा होती है।
------------
..सुरेंद्र जम्वाल।