साधुपुल में लगभग 96 बीघा भूमि के आवंटन को रद करने और उस पर सरकारी कब्जे के खिलाफ योग गुरु बाबा रामदेव ने आंदोलन करने का मन बना लिया है। सोलन में 27 फरवरी को होने वाले आंदोलन का मुख्य उद्देश्य सरकार से पतंजलि योगपीठ में लगी कुल राशि को वापस लेना है।
पतंजलि योग समिति के प्रदेशाध्यक्ष एलडी शर्मा के अनुसार, बाबा रामदेव ने फोन पर उनसे कहा कि हिमाचल नहीं तो कहीं और सही। देश के दूसरे सबसे बड़े पतंजलि योगपीठ का न बनना हिमाचलवासियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। यहां के लोगों को ही रोजगार के अवसर मिलने थे। कई अन्य प्रदेश हैं, जहां की सरकारें योगपीठ बनाने के लिए तैयार हैं, वहां योगपीठ बनेगा। हमला चाहे कैसा भी हो हमारा हाथ नहीं उठेगा...नारा लेकर शांत तरीके से 27 को आंदोलन का होगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
एलडी शर्मा ने बताया कि बाबा रामदेव सोलन में आचार्य बालकृष्ण के साथ आएंगे। उन्होंने उसके लिए बैठक कर तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही 27 फरवरी को उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास जताया है। गांधीगीरी से आंदोलन का आगाज 27 फरवरी से होगा।
पतंजलि योग समिति का कहना है कि अब तक साधुपुल में करीब 12 करोड़ की राशि खर्च हो चुकी है। दो करोड़ के करीब निर्माण व अन्य सामग्री भी पड़ी हुई है। लागत राशि को वापस लेने के लिए संघर्ष किया जाएगा। सरकार की हठधर्मी से योगपीठ छिनने के पूरे-पूरे आसार बनते नजर आ रहे हैं।
रामदेव और आचार्य बालकृष्ण 27 फरवरी को दोपहर एक बजे सोलन आएंगे। माल रोड में मुरारी मार्केट आयोजन स्थल रहेगा। यहां दो बजे से सायं 4.30 तक सदस्य व पदाधिकारियों से बैठक करेंगे। इससे पहले आयोजन स्थल ठोडो ग्राउंड प्रस्तावित था लेकिन यहां कार्यक्रम के लिए मंजूरी नहीं दी गई। हालांकि, साधुपुल में धारा 144 लगने के चलते बाबा वहां नहीं जा पाएंगे।
2500 के बैठने की क्षमता
मुरारी मार्केट सोलन के माल रोड पर स्थित है। तीन मंजिला भवन में करीब 2500 लोगों के बैठने की क्षमता है। बैठक को दो भागों में विभाजित किया जा रहा है। सदस्य और पदाधिकारी अलग-अलग समय पर बैठक करेंगे।
यह होंगे मुद्दे
साधुपुल में लीज रद करने पर चर्चा
गांव-गांव योग सिखाने की योजना
जैविक कृषि के प्रोत्साहन पर विमर्श
भ्रष्टाचार और कालेधन पर गरजेंगे
'कानून तोड़ा तो होगी कार्रवाई'
एसडीएम ताशी संडूप ने कहा कि बाबा के कार्यक्रम की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। सूचना मिलने के बाद इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा। अगर ऐसा है तो सरकार के निर्देशानुसार ही काम किया जाएगा। एसपी सोलन डा रमेश छाजटा ने कहा कि मुरारी मार्केट एक प्राइवेट स्थल है। वहां कार्यक्रम हो सकता है। बाबा रामदेव का हिमाचल में आगमन प्रतिबंधित नहीं है।
उन्होंने समर्थकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। कहा कि अगर कानून व्यवस्था बिगड़ी तो पुलिस अपना काम करेगी। नियमानुसार कार्रवाई होगी, फिर चाहे बाबा रामदेव क्यों न हों।