राज्य सरकार ने पर्यटन विकास निगम के मुख्यालय के बाद आर्म्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग (एपीटी) ब्रांच को भी शिमला से कांगड़ा स्थानांतरित कर दिया है। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुसार शिमला शहर में भीड़-भाड़ कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अब एपीटी ब्रांच का संचालन पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) डरोह, कांगड़ा से किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय से एडीजीपी (एटीपी) भी डरोह जाएंगे। इस शाखा की जिम्मेदारी पुलिस कर्मियों की तैनाती और प्रशिक्षण की रहती है। इससे पहले पूर्व सरकार में एपीटी कार्यालय को शिमला से कांगड़ा के पालमपुर स्थित बनूरी में बदलने की योजना थी। पुलिस ट्रेनिंग महाविद्यालय डरोह की डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि एपीटी स्टाफ के लिए पीटीसी डरोह में व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। इस बदलाव से पुलिस विभाग के प्रशिक्षण कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।
पीटीसी डरोह में पांच संस्थान एक साथ काम करेंगे
अब पीटीसी डरोह में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, कॉलेज, अकादमी, वायरलेस प्रशिक्षण संस्थान और एपीटी मुख्यालय सभी एक ही स्थान पर कार्य करेंगे। इससे प्रशिक्षण कार्यों को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, यह कदम प्रशासनिक प्रक्रिया को भी सरल बनाएगा। अब एपीटी मुख्यालय के लिए पत्राचार पीटीसी डरोह से होगा, जिससे लंबी प्रक्रियाओं में कमी आएगी।