जिला शिमला से संबंध रखने वाली बाॅलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने हिमाचल में आपदा प्रभावितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने शिमला के सर्बजीत सिंह बॉबी की संस्था को मंडी और कुल्लू में हुए नुकसान के बाद राहत कार्यों के लिए यह राशि जारी की है। प्रीति जिंटा ने अपनी आइपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स की ओर से 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। शिमला में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू के आपदा प्रभावित गांवों को अभी भी सबसे अधिक मदद की आवश्यकता है।
प्रीति जिंटा की ओर से की गई मदद से हमार हौसला बढ़ा है। अब हम कुल्लू में 50 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की मदद करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि हम पहले से ही मंडी के सराज में प्रभावित परिवारों की मदद कर चुके हैं। तीस हजार किलो चावल, पांच हजार किलो दालें और पांच हजार किलो आटा प्रभावितों तक पहुंचाया जा चुका है। अभी तक छह गाड़ियां पहुंचाई जा चुकी हैं जबकि 11 से 15 गाड़ियों को जल्द अलग स्थानों में राशन लेकर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले के बंजार, सैंज और अन्य क्षेत्रों में प्रभावितों को मदद की जरूरत है। साथ ही चंबा को भी मदद की दरकार है लेकिन अभी तक हम चंबा तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।