सोमवार को जारी प्रेस बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदाग्रस्त क्षेत्रों की पूरी आर्थिकी ही बागवानी, कृषि और पर्यटन पर ही टिकी हुई है। इन्हीं क्षेत्रों को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार से आग्रह है कि इन तीनों क्षेत्रों में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए। तत्काल राहत प्रदान करने के लिए ज्यादा से ज्यादा सड़कों को जल्द खोलना होगा जिससे लोगों के सब और सब्जियां बाजार तक पहुंचे और उन्हें उनका मूल्य मिल सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को कोसने और भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाने की जगह कांग्रेस सरकार को आपदा प्रभावितों को राहत देने पर ध्यान देना चाहिए। लोग अभी भी सरकार की राह देख रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा जो भी सहायता आपदा प्रभावितों के लिए भेजी जा रही है, मुख्यमंत्री उस आर्थिक सहायता को प्रभावितों तक पहुंचाने के लिए कार्य करें। विपक्ष पर आरोप लगाने और केंद्र सरकार को कोसने से न सरकार का भला होगा और न ही आपदा प्रभावितों का। सरकार अपनी पूरी क्षमता लगाकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुविधा बहाल करें। इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है।