हिमाचल प्रदेश के नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को अब हिम एक्सेस और हिम परिवार पोर्टल पर पंजीकरण व लॉगिन के दौरान आधार आधारित प्रमाणीकरण की सुविधा मिलेगी। इससे एक ओर जहां फर्जी पहचान और डुप्लीकेट पंजीकरण पर अंकुश लगेगा, वहीं दूसरी ओर पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना भी आसान होगा। सरकारी सेवाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए यह फैसला लिया गया है। सरकार के पोर्टलों पर उपलब्ध 72 विभिन्न सेवाओं को इस प्रणाली के तहत लाया गया है। डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य सरकार ने दोनों प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधार प्रमाणीकरण लागू करने का फैसला लिया है।