मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पर प्रमुख घोषणाएं
1. आपदा प्रभावितों के लिए 100 करोड़ रुपये की एक और किश्त जारी की जाएगी। इस राशि का ज्यादातर उपयोग मंडी जिला के आपदा प्रभावितों के लिए होगा।
2. सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों ( स्कूलों, कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक आदि) के अध्यापकों को शैक्षणिक सत्र के बीच में रिटायर नहीं किया जाएगा।
3. प्रदेश में 200 CBSE पाठ्यक्रम वाले स्कूल खोले जाएंगे।
4. युवाओं को अवसर देने के लिए 2000 ई-थ्री व्हीलर परमिट जारी होंगे।
5. जनजातीय और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में सौर परियोजनाओं पर ब्याज सब्सिडी दी जाएगी और हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड बिजली खरीदेगा, जिससे सुनिश्चित आय मिलेगी। इसके लिए 61 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
6. अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी नेरचौक से सरकाघाट शिफ्ट होगी।
7. सरकार पटवारियों के 600 पद, जेबीटी के 600 पद, पंचायत सेक्रेटरी के 300 व डॉक्टरों के 200 पद भरेगी।
8. हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग भर्ती प्रक्रिया सुधार होगा। पहले केवल इंटरव्यू के नंबर के आधार पर नौकरी दी जाती थी। बाद में लिखित परीक्षा के नंबर सिर्फ क्वालिफिकेशन के लिए होते थे, लेकिन फाइनल मेरिट में नहीं जोड़े जाते थे। अब सरकार ने निर्णय लिया है कि फाइनल मेरिट में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू दोनों के नंबर जोड़े जाएंगे, ताकि सही मायने में मेहनती उम्मीदवार को नौकरी मिले।
9. परीक्षा में नकल करने वाले और नकल कराने वालों को 3 साल की कैद की सज़ा का प्रावधान। इसके लिए सरकार विधानसभा में बिल ला रही है।
10. प्रदेश से नशे को जड़ से मिटाने के लिए हर गांव और पंचायत में 'नशा निवारण समितियां' बनाई जाएंगी। इन समितियों में पंचायत सचिव, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और एक पुलिस हेड कॉन्स्टेबल शामिल होंगे।
11. एसएचओ और एसपी नियमित रूप से पंचायत-स्तर पर नशा संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे और रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे। पंचायत स्तर पर हेड कांस्टेबल नामित किये जायेंगे। हर महीने बैठक होगी और नशा मामलों पर कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
12.
चिट्टा विरोधी स्वयंसेवक योजना लागू होगी
पुलिस और आम जनता के बीच एक कड़ी बनाने के लिए वॉलंटियर्स तैयार किए जाएंगे। ये वॉलंटियर्स नशा रोकथाम और जागरूकता में मदद करेंगे और पुलिस को गुप्त सूचनाएं देंगे। योजना के लिए प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
13. नशा मुक्ति रोकथाम एवं पुनर्वास बोर्ड बनेगा। बोर्ड में गृह, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, शिक्षा, युवा सेवाएं, खेल, पंचायत, जेल और पुलिस विभाग शामिल होंगे। उद्देश्य: नशा मुक्ति, रोकथाम और नशे के शिकार युवाओं का पुनर्वास होगा।
14. सरकाघाट अस्पताल 100 से 150 बिस्तर का किया जाएगा। सरकाघाट में पार्किंग के लिए भूमि दी जाएगी। सरकाघाट में नया बस स्टैंड बनाया जाएगा।
15. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को नहीं मिला तोहफा। मुख्यमंत्री ने नहीं की कोई बड़ी घोषणा।
Shimla: राष्ट्रीय गान के साथ शुरू हुआ स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम, उपमुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण
राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में सुबह 11:00 बजे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद राष्ट्रगान गया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने पुलिस के जवानों के साथ परेड की। इसके बाद पुलिस की सभी टुकड़ियों ने अपनी परेड की प्रस्तुति देना शुरू की।
Solan: 79वें स्वतंत्रता दिवस पर ठोडो मैदान में डॉ. शांडिल ने किया ध्वजारोहण
79वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ठोडो मैदान में आयोजित किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले वे शहीदी स्मारक गए जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। ध्वजारोहण करने के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड, एससीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड व छात्रा सुरक्षा टुकड़ी ने मार्चपास्ट किया। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में जश्न का माहौल है। शहर आजादी के माहौल में रंगा हुआ है।
Lahaul and Spiti: स्कूल की छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
जिला मुख्यालय केलांग में राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव की धूम मची हुई है। राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव में स्कूल की छात्राओं ने रंग बिरंगे परिधान में सजकर अपनी प्रस्तुतियां दी। जनजातिय उत्सव का शनिवार को समापन होगा।
Chamba: चंबा में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
ऐतिहासिक चंबा चौगान में प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उद्योग मंत्री ने इससे पूर्व चंबा चौगान में विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात मुख्याअतिथि ने पुलिस विभाग, गृह रक्षक, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड समेत विभिन्न छात्र टुकड़ियों की परेड की सलामी ली। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति संबंधी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जिसके उपरांत मुख्यातिथि ने उत्कृष्ठ सेवाओ के लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों समेत अन्य को सम्मानित भी किया। इस मौके पर सदर विधायक नीरज नैयर, डलहौजी विधायक डीएस ठाकुर, चुराह विधायक डॉ. हंसराज, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, जिला मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष ललित ठाकुर समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर हमीरपुर में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार किया ध्वजारोहण
शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर के मैदान में 79वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने की। विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने ध्वजारोहण करने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियां ने शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए । इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, विधायक रंजीत राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, हिमाचल प्रदेश नशा निवारण बोर्ड के संयोजक नरेश ठाकुर, कांग्रेस निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती, उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि आज पूरा देश की आजादी में आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और देश की अखंडता को कायम रखने वाले वीर जवानों को नमन करता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियो के अथक प्रयासों के कारण हम आज स्वतंत्रता और संप्रभुता के अमूल्य उपहार का आनंद ले रहे हैं । उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हिमाचल प्रदेश ने भी देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और इस वर्ष आपदा के चलते प्रदेश को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था जिससे उभरने के लिए प्रदेश सरकार ने विशेष पैकेजों बकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 2032 तक देश के समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य को निर्धारित किया गया है जिसके तहत सरकार द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं उन्होंने कहा कि सरकार ने हरित राज्य बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं और ई व्हीकल शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के ठोस कदमों के चलते सरकार ने इस वर्ष अतिरिक्त आय भी अर्जित की है।