श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप जदरांगल के इक्कू मोड़ के पास गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 घायल हो गए। पिकअप में कुल 25 लोग सवार थे, जिनमें से दो सुरक्षित हैं। हादसा शुक्रवार सुबह हुआ।
श्रद्धालु मोगा (पंजाब) के बाघी के निहाल सिंह वाला के रहने वाले थे। वह चामुंडा मंदिर में माथा टेकने के बाद बाबा बड़भाग सिंह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान निजी होटल के पास ढलान में चालक ने पिकअप को लिंक रोड की ओर मोड़ना चाहा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन सड़क से पलटकर खाई में जा गिरा। मृतकों की पहचान जसबीर सिंह पुत्र बरयाम सिंह, परमजीत कौर पत्नी गुरमेल सिंह, किरन पत्नी सुखजिंद्र सिंह और सुखजिंद्र पुत्र प्रकाश के रूप में हुई है। तीन की टांडा मेडिकल कॉलेज और एक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप ने कहा कि गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु आईसीयू में भर्ती है, जबकि अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
घायलों की सूची
चालक निर्भय सिंह पुत्र प्यारा सिंह, परिचालक अंग्रेज पुत्र शिंदर सिंह, कर्म सिंह पुत्र राम सिंह, हरप्रीत सिंह पुत्र राम सिंह, अनमोल सिंह, अनमोल सिंह पुत्र राम सिंह, जसप्रीत पुत्र लाम्बी, सतनाम पुत्र जसकीर, अर्शदीप पुत्र जसबीर, लखवीर सिंह पुत्र भजन सिंह, अर्शदीप सिंह पुत्र मानक सिंह, हरनाम सिंह, हरनाम पुत्र जगदेव, बलविंद्र कौर पुत्री बलदेव सिंह, आकाशदीप पुत्र कर्मजीत, लवप्रीत पुत्र कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह पुत्र गुरचरण सिंह, अमनदीप कौर पुत्री कुलवंत, हरमीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, हरिसिमरन कौर पुत्री कुलवंत, विरेंद्र पुत्र हरबंश सिंह, फतेह सिंह पुत्र गुरमेल सिंह, सहप्रीत सिंह पुत्र निर्मय सिंह और निर्भय सिंह पुत्र देव सिंह घायल हुए। इसके अलावा दुर्घटना में पूनम पुत्री राधे श्याम और सिमरन कौर पत्नी निर्भय सिंह को कोई चोट नहीं आई।
चंबा में रावी नदी में गिरी कार
वहीं, चंबा जिले के भरमौर में पंजाब के श्रद्धालुओं की स्विफ्ट कार बीती रात को दुर्गठी के समीप धाई माता मंदिर के पास रावी नदी में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोग लापता हैं जबकि दो लोग घायल हैं। कार में कुल पांच लोग सवार थे। घायलों का मेडिकल कॉलेज चंबा में इलाज चल रहा है।