बरोटीवाला कॉलेज में अमर उजाला की ओर से भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बद्दी-बरोटीवाला क्षेत्र के 20 निजी और सरकारी स्कूलों के 10वीं एवं 12वीं के 277 मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यातिथि पुलिस अधीक्षक (एसपी) बद्दी विनोद धीमान और विशिष्ट अतिथि ईएसआईसी से सेवानिवृत्त सहायक निदेशक देवव्रत यादव और माइल स्टोन गेयर कंपनी के ग्रुप प्रेजिडेंट एमके श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त कर मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में मेधावियों को सम्मानित करने के साथ-साथ अधिकारियों और शिक्षाविदों ने कॅरिअर से जुड़े टिप्स दिए। एसपी विनोद धीमान ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। यदि जीवन में कोई उल्लेखनीय मुकाम हासिल करना है तो निरंतर मेहनत करनी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर देश और समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा नई चीजें सीखने की ललक होनी चाहिए। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। विशिष्ट अतिथि देवव्रत यादव ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद सबसे बड़ा होता है। किसी भी कार्य की शुरुआत उनके आशीर्वाद से करने पर सफलता की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को रटने के बजाय विषय को समझकर पढ़ने की सलाह दी।