सूरजकुंड थाना क्षेत्र में अफ्रीकी देश कांगो के एक युवक ने मानसिक तनाव में आकर मौत को गले लगा लिया। मौत का कारण यह था कि उसके अभिभावकों ने उसे बास्केटबॉल नहीं खेलने दिया।
खेल छुड़वाकर उसे पढ़ाई के लिए दिल्ली भेज दिया था। इस बात की पुष्टि शव के पास फ्रेंच भाषा में मिले सुइसाइड नोट से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से कांगो का रहने वाला अमानी बिन अमानी(21) ग्रीन फील्ड कॉलोनी में पिछले दो माह से रहता था। वह दिल्ली के साउथ एक्स के एक इंस्टीट्यूट में लैंग्वेज की पढ़ाई कर रहा था।
बताया गया है कि शुक्रवार शाम को अमानी के पड़ोसियों ने उसके कमरे से बदबू महसूस की तो उन्हें कुछ शक हुआ। उन्होंने इस बारे में ग्रीन फील्ड कॉलोनी पुलिस को सूचित कर दिया। चौकी इंचार्ज बदन सिंह पुलिसकर्मियों सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब अमानी का दरवाजा खोला तो अंदर उसका शव फंदे पर लटका मिला।
पुलिस का कहना है कि शव की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि उसने दो-तीन दिन पहले आत्महत्या की है। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो एक सुइसाइड नोट बरामद हुआ। उसमें फ्रेंच में लिखा है कि वह बास्केटबॉल का बड़ा खिलाड़ी बनना चाहता है, जबकि उसके परिजन उससे पढ़ने के लिए कह रहे हैं।
पुलिस ने सुइसाइड नोट कब्जे में ले लिया और कांगो दूतावास को सूचित कर दिया। दूतावास से एक अधिकारी ने आकर मौके का जायजा लिया। इसके अलावा पुलिस ने अमानी के दोस्तों को भी सूचित किया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। यहां से शव की खराब हालत देखते हुए उसे पोस्टमॉर्टम के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव दूतावास को सौंप दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मृतक के कमरे में कुछ पदक भी मिले हैं।