हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव घड़वाल निवासी युवती की सोमवार को संदिग्ध हालात में जहर के सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर पड़ोसी युवक अमित पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर, डीएसपी यशपाल खटाना के मुताबिक आरोपी युवक अमित की हालत भी गंभीर बनी है। उसे महिला मेडिकल कालेज खानपुर में भर्ती कराया गया है। आरोपी की हालत स्थिर है। पुलिस की निगरानी में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार युवती सोमवार तड़के करीब छह बजे घर से शौचादि करने के लिए निकली थी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू कर दी।
जब वह नहीं मिली तो भाई ने बरोदा थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद गांव के सरपंच को सूचना मिली कि खेतों में एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है।
पुलिस ने युवती को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने पुलिस को दिए बयान में पड़ोसी युवक अमित पर उसकी बहन को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का आरोप लगाया है।
डीएसपी यशपाल खटाना के मुताबिक चिकित्सकों ने युवती की मौत का कारण जहरीला पदार्थ बताया है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।