हरियाणा के जिला भिवानी के गांव सुई में सोमवार को मेहरचंद (23) की हत्या कर दी गई। मेहरचंद का शव जलघर में तैरता मिला।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। सोमवार सुबह जलघर टैंक के पास मोटरसाइकिल और टैंक में शव को देख कर्मचारियाें ने ग्रामीणों को जानकारी दी।
गांव के गोताखोरों ने शव को जलघर के टैंक से बाहर निकाला। मृतक की जेब से एक पत्र, एक मोबाइल फोन, बंद मुट्ठी में चाबी मिली। पुलिस जांच में जलघर टैंक की खाई में घसीटे जाने के निशान मिले हैं।
मेहरचंद के परिजनों शंकर, ईश्वर, इंद्रजीत, किशोरी का कहना है कि मेहरचंद को मारकर जलघर के टैंक में फेंका गया है।
मेहरचंद के हाथ में बंद मुट्ठी से मोटरसाइकिल की चाबी मिलने से शक और गहरा गया है। मेहरचंद तीन भाइयों और चार बहनों के परिवार में सबसे छोटा था। वह जलघर में पिछले तीन सालों से कार्य कर रहा था।
मेहरचंद के ताऊ के लड़के रामचंद्र ने बताया कि रविवार को मेहरचंद दोपहर में खाना खाकर घर से निकला था।
रविवार को रात आठ बजे उसने गांव के ठेके से शराब ली, उसके गांव के दो दोस्तों के साथ शराब पीकर मोटरसाइकिल पर घर के लिए रवाना हो गया था।
थाना प्रभारी अजीत ने कहा कि मृतक के फोन की काल डिटेल और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ही से आगे खुलासा हो पाएगा।