एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने सेक्टर 17 के नजदीक से एक युवक को देसी पिस्तौल व जिंदा राउंड के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सेल में तैनात हेड कांस्टेबल हसन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सेक्टर 17 के नजदीक एक युवक देसी पिस्तौल के साथ घूम रहा है। आरोपित युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम का गठन किया। टीम ने मौके पर जाकर वहां संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से देसी पिस्तौल व जिंदा राउंड बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान इनाम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।