संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। माई भारत यमुनानगर और वृद्धाश्रम जगाधरी की ओर से पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम कराया गया। कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताकर उनके जीवन के अनुभव, संघर्ष और दिनचर्या को करीब से जाना।
समापन पर युवाओं व वरिष्ठ नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में दिव्या, कनिष्का, वृंदा, पलक और खुशी ने भाग लिया। पांच दिन तक प्रतिभागियों ने वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की और उनके जीवन से जुड़े अनुभव जाने। इस दौरान अंताक्षरी, समूह संवाद और अन्य गतिविधियां कराई गई। इससे दोनों पीढ़ियों के बीच संवाद का अवसर मिला।
प्रतिभागियों और वरिष्ठ नागरिकों ने पौधे लगाकर देखभाल करने का संकल्प लिया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक भागीदारी पर भी चर्चा की। माई भारत की उप निदेशिका ओमकार स्वामी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ना व उन्हें व्यवहारिक अनुभव उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताने से युवाओं को उनके जीवन के अनुभवों और सामाजिक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला है। युवाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम करवाए जाएंगे। युवाओं ने कहा कि वृद्धाश्रम में बिताए पांच दिन के दौरान उन्हें वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव सुनने और उनके साथ समय बिताने का अवसर मिला।