पावर हाउस में बॉक्स फटने से यमुनानगर स्थित रादौर रोड फीडर बुधवार को 11 घंटे तक बंद रहा जिस कारण शहर की आधा दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों में सुबह तथा दोपहर के समय पेयजल की सप्लाई नहीं हो पाई। घंटों बत्ती गुल रहने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विद्युत निगम से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे तकनीकी खराबी की वजह से पावर हाउस में बॉक्स फट गया था। जिसके उपरांत रादौर रोड फीडर पर पड़ने वाली कॉलोनियों की बत्ती गुल हो गई। इसमें विश्वकर्मा मोहल्ले के अलावा फव्वारा चौक से स्टेशन चौक पर पड़ने वाली कॉलोनियों की बत्ती गुल हो गई।
हालांकि बोर्ड कर्मचारियों ने नया बक्सा भी लगाया, लेकिन वह छोटा होने की वजह से दोबारा फट गया। बोर्ड के एसडीओ मनोज ग्रेवाल ने बताया कि शाम के समय बड़ा बक्सा लगाने के बाद करीब साढ़े छह बजे बिजली सप्लाई को सुचारू किया गया।
11 घंटे तक बिजली गुल रहने की वजह से क्षेत्र वासियों को बिजली पानी के बिना हाल बेहाल हो गया। सुबह व दोपहर के समय पेयजल की सप्लाई नहीं हो पाई। क्षेत्रवासी अनुज कुमार, राजेश शर्मा, विजय अग्रवाल तथा प्रमोद सैनी ने बताया कि बिजली के बिना क्षेत्रवासियों का हाल बेहाल रहा।