फिल्म माइकल मिश्रा में भगवान वाल्मीकि पर टिप्पणी करने पर भड़के वाल्मीकि समाज के लोगों ने मंगलवार को पांच मिनट तक हाईवे जाम रखा और इसके बाद लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया। लगाया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार व फिल्म अभिनेता अरशद वारसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच तहसीलदार दर्शन कुमार ज्ञापन लेने आए, प्रदर्शनकारी डीसी को ही ज्ञापन देने पर अड़ गए।
साथ ही चेतावनी दी कि डीसी के न आने पर वे दोबारा नेशनल हाईवे पर जाम लगा देंगे। बाद में डीसी डा. एसएस फुलिया को ज्ञापन देकर फिल्म पर बैन लगाने और फिल्म में भगवान वाल्मीकि पर गलत टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
भारतीय वाल्मीकि आदि धर्म समाज के प्रधान बलबीर सिंह व रिंकू गागट ने कहा कि हाल ही में बनी अरशद वारसी की फिल्म माईकल मिश्रा में भगवान वाल्मीकि के बारे में गलत टिप्पणी की गई है। जिसको लेकर वाल्मीकि समाज में भारी रोष है। उन्होंने मांग की कि इस फिल्म पर बैन लगाया जाए और फिल्म में भगवान वाल्मीकि पर गलत टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द इस फिल्म पर रोक न लगाई गई या फिर इस फिल्म से वाल्मीकि पर की गई टिप्पणी को काटा नहीं गया तो सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में हरजीत, दीपक, अनमोल, सागर, राहुल, साहिल, गुरदीप, जसप्रीत सहित अनेक लोगों ने भाग लिया।