शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। विवाहिता का आरोप है कि बेटी को जन्म देने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों का उत्पीड़न और बढ़ गया। कुछ दिन पहले आरोपियों ने दहेज में कीमती सामान की मांग पूरी न होने पर उसे पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
लाल द्वारा भारत कालोनी निवासी स्वाति ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 30 अगस्त 2014 को हुडा सेक्टर 18 मकान नंबर 230 निवासी कुशल गोयल के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने काफी सामान दिया था। शादी में दिए सामान से उसका पति कुशल गोयल, सास सुनीता, ससुर बृज मोहन गोयल और देवर मोहित संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से ही आरोपी उससे अधिक दहेज की मांग करने लगे मगर ओर अधिक दहेज देने में उसके मायके वाले असमर्थ थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी उसे दहेज के लिए उत्पीड़ित करने लगे।
एक मार्च 2016 को उसने लड़की को जन्म दिया। आरोप है कि लड़की पैदा होने के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग और ज्यादा उत्पीड़न करने लगे। कई बार आरोपियों ने उसकी बेटी को मारने का भी प्रयास किया और उससे लड़का देने को लेकर उसे भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कुछ दिन पहले आरोपियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे पीटकर घर से निकाल दिया और बिना दहेज वापस आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने मायके पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी रामपाल का कहना है कि मामला दर्जकर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।