संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव खेड़की ब्रह्मणान में गुढ़ा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से दंगल कराया गया। दंगल में पुरुष और महिला पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। विजेता पहलवानों को आयोजकों ने पुरस्कृत किया।
मुख्यातिथि युवा खेल, रक्तदान संस्था के अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल महामंत्री धनपत सैनी मुख्यातिथि रहे। मुख्यातिथि सैनी ने पहलवानों की हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ करवाया। इस दौरान आयोजकों ने मुख्यातिथि को पटका पहनाकर सम्मानित किया। दंगल में जिले सहित अन्य प्रदेशों के पहलवानों ने भी भाग लिया। अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष कविता कौर ने की। धनपत सैनी ने कहा कि कुश्ती हमारा पारंपरिक खेल है। इस खेल से युवा तंदरुस्त रहते हैं। खेल से आपसी भाईचारे की भावना बढ़ती है। प्रतिस्पर्धा के दौर में आगे निकलने की भावना भी युवाओं में उजागर होती है।
खेल हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ रखने का एक माध्यम है, बल्कि खेल से खिलाड़ी भविष्य भी बना सकते हैं। सरकार की ओर से खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा देेने के लिए बेहतर योजनाएं चलाई जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले युवाओं को करोड़ों रुपये इनाम व नौकरी भी सरकार की ओर से दी जा रही है। युवा अगर खेलों में रुचि ले तो बेहतरीन भविष्य बना सकते हैं। इस दौरान राजिंद्र सैनी, कर्मचंद, मदन सैनी, निर्मल सैनी, आज्ञा राम, अरुण सैनी, अरविंद, जनकराज, मंजूर सिंह, सतनाम सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।