संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज के वुमेन सेल, वुमेन स्टडी सेंटर व जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में महिला सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि समाज में पहचान बनाने के लिए महिलाओं को आत्मनिर्भर होना जरूरी है।
उन्होंने महिलाओं के विषय में समाज की बहुत सारी अवधारणाएं हैं, उन्हें शारीरिक, मानसिक, आर्थिक रूप से कमजोर माना जाता है। उन्हें समानता का अधिकार, समाज खुद ही नहीं देता, तो ऐसे में महिला सुरक्षा की बात करनी पड़ती है। प्रत्येक महिला में अपनी सुरक्षा के लिए आत्मनिर्भरता, आत्मबल होना जरूरी है। तभी वे समाज में अपनी पहचान बना पाएगी और सुरक्षित भी रहेंगी।
डीएसपी रजत गुलिया ने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का ज्ञान होना भी जरूरी है। यातायात नियमों की पालना करें, यह हमारी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। साइबर क्राइम से बचने के लिए सावधानियां जरूरी है। पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए है। इसलिए हमारा कर्तव्य है, नियमों की पालना करें।
सेफ सिटी टीम से एएसआई नीलम ने छात्राओं को हेल्प लाइन नंबर 112 के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी मुसीबत या संदेह की स्थिति होने पर महिलाएं 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस की तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती है। ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के तहत सफर के दौरान भी पुलिस की मदद ली जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि पुलिस हमेशा उनके साथ है और मदद के लिए तैयार है। उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।