यमुनानगर। सदर जगाधरी के हरिपुर जट्टान गांव से तीन महिलाएं ट्यूबवेल से सामान चुराकर ई-रिक्शा में भाग निकली। किसान ने अपने भाई के साथ उनका पीछा किया। बाद में उन्होंने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर सामान बरामद कर लिया लेकिन आरोपी महिलाएं फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिपुर जट्टान निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार जून की शाम को वह अपने खेत में काम कर रहा था। इस दौरान उसने देखा कि तीन महिलाएं उसके ट्यूबवेल से खराब ट्रांसफार्मर का लोहे का सामान चोरी कर ले जा रही थी। उसने आवाज देकर महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे महिलाएं सड़क पर खड़ी ई-रिक्शा में बैठकर फरार हो गई। उसने भाई अमनदीप के साथ बाइक पर उनका पीछा किया और सिविल अस्पताल जगाधरी के पास उन्होंने ई-रिक्शा को पकड़ लिया लेकिन महिलाएं फरार हो गईं। उन्होंने ई-रिक्शा से ट्यूबवेल से चोरी किया सामान बरामद कर लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है।