लघु सचिवालय में एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत खराब होने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। महिला की पहचान परमिंद्र कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति थाना सदर जगाधरी में तैनात है। उसका अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद था। इसी के चलते वह कोर्ट में आई थी। कोर्ट में किसी वकील से बातचीत करने के बाद वह लघु सचिवालय की तरफ आई। इसके बाद सचिवालय में बने पार्क में महिला ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला की तबीयत खराब होने पर आसपास लोगों की भीड़ लग गई।
सेक्टर-17 थाना के जांच अधिकारी एसआई मेम सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम उन्हें सूचना मिली थी कि लघु सचिवालय में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उन्होंने महिला को गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे आईसीयू में उपचार दिया जा रहा है। महिला के अभी बयान नहीं हो पाए है। उसने जहरीला पदार्थ क्यों खाया, इसका पता उसके बयान लेने के बाद ही चलेगा।