साढौरा/यमुनानगर। साढौरा क्षेत्र के गांव गलौड़ी के पास बुधवार दोपहर को स्कूटी पर सवार दो बहनों व उनकी बेटी को एक तेज रफ्तार कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों घायल हो गई। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि तीनों स्कूटी पर सवार होकर गांव रसूलपुर से घरेलू सामान लेकर लौट रहे थे, तभी पीछे से कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी चला रही युवती खुशी और उसकी मासी बबली सड़क किनारे खेत में जा गिरीं जबकि पीछे बैठी सोनिया उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं और उनका सिर सड़क से टकरा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया जबकि चालक फरार हो गया।
परिजन तीनों घायलों को इलाज के लिए नारायणगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने तीनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वीरवार सुबह पीजीआई में इलाज के दौरान सोनिया की मौत हो गई। एसएचओ मनजीत कौशिक ने बताया कि मृतका की बेटी खुशी की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
हादसे में बाइक मैकेनिक की मौत
यमुनानगर। गांव खदरी के पास वीरवार सुबह किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव दादूपुर निवासी 22 वर्षीय बसंत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बसंत की डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी और उसका पांच माह का एक बच्चा है। उसके चाचा मोहित ने बताया कि बसंत गांव खारवन में बाइक रिपेयर का काम करता था और रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे दुकान जाने के लिए निकला था। इसी दौरान खदरी रोड पर हादसा हो गया। बूड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसंत। फाइल फोटो