यमुनानगर। जिले में ज्ञान की देवी सरस्वती को समर्पित पर्व वसंत पचमी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान जहां विद्यार्थियों ने मां सरस्वती का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं पतंगे उड़ा कर ऋ तुराज वसंत का स्वागत किया।
उत्थान संस्थान में चाइल्डलाइन की टीम ने मॉडल कॉलोनी के बच्चों के साथ वसंत पंचमी का त्योहार मनाया। जिसमे चाइल्डलाइन की निदेशिका डॉ. अंजू वाजपेयी ने बच्चों को वसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें इस पर्व की महत्ता बताई। उन्होंने कहा की यह पर्व हमारे जीवन में एक अद्भुत शक्ति लेकर आता है। इसी ऋतु से ही पुराने वर्ष का अंत होता है और नए वर्ष की शुरुआत होती है। इस ऋतु के आते ही चारों तरफ हरियाली छाने लगती है। वसंत पंचमी का त्योहार ज्ञान की देवी सरस्वती को समर्पित है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, देवी कला, बुध्दि और ज्ञान के निरंतर प्रवाह का प्रतीक है। वसंत पंचमी को देवी सरस्वती के जन्मदिन के रूप में भी माना जाता है। वसंत पंचमी का त्योहार विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों में मनाया जाता है। सरस्वती विद्या की देवी हैं, अत: सभी छात्र मां सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। चाइल्डलाइन की समन्वयक शैफाली ने कहा कि वसंत का मौसम आते ही जब फसलें पूरी तरह से खिल जाती हैं, तो लोग पतंग उड़ाकर भी इस अवसर को मनाते है। आज भी कई ऐसे बच्चे हैं जो कि शिक्षा के अभाव में हैं। ऐसे बच्चों की जानकारी तुरंत 1098 पर फोन कर के किसी भी समय दी जा सकती हैं। जिससे वह बच्चे भी स्कूल जाकर शिक्षा प्राप्त कर सकें। सभी बच्चों को पतंग दी गई। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने वसंत ऋतु के आगमन के स्वागत में मिलकर पौधे लगाए। मौके पर चाइल्डलाइन से रविंद्र मिश्रा, हनी तोमर, शशि वासन मौजूद रहे।