छछरौली। रोहतक के पंडित नेकी राम शर्मा महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में कस्बे के राजकीय महाविद्यालय के केमिस्ट्री विभाग की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा वंशिका ने और बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा तनु ने पहला स्थान हासिल किया। ये पुरस्कार मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रदान किया गया। प्राचार्या बलजीत कौर ने महाविद्यालय पहुंचने पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
वंशिका और तनू को प्रोफेसर मीनू के मार्गदर्शन में केमिस्ट्री बनाम कोविड-19 मॉडल के लिए प्रथम स्थान मिला। वहीं फिजिक्स विभाग से बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा नताशा एवं बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र अमित को प्रोफेसर संदीप और प्रोफेसर श्रुति के निर्देशन में बनाए गए मॉडल को तीसरा स्थान मिला। कॉलेज के सभी स्टाफ सदस्यों ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्लेसमेंट सेल की ओर से एक विस्तृत व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या ने किया। प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित विस्तृत व्याख्यान में गवर्नमेंट कॉलेज आहड़ वाला के एसोसिएट प्रोफेसर रमेश धारीवाल और महाराजा अग्रसेन कॉलेज जगाधरी के असिस्टेंट प्रोफेसर गौरव बरेजा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। डॉ. रमेश धारीवाल ने कहा की निजी और सरकारी नौकरियों के साथ-साथ लघु उद्योगों में भी रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध है। छात्रों को अपना उद्योग शुरू करने में भी रुचि दिखानी चाहिए। प्रोफेसर गौरव बरेजा ने कॉमर्स में रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने मॉक इंटरव्यू के बारे में जानकारी दी और विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के बारे में भी जागरूक किया। इस मौके पर डॉ. संजीव कुमार, प्रोफेसर अशोक बंसल, प्रोफेसर राजवीर, प्रोफेसर रजनी गोयल, प्रोफेसर प्रतिभा, डॉ. रितु शर्मा प्रोफेसर सुखविंद्र भी उपस्थित रहे।
फोटो-6