संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर पर कलानौर की तरफ डीएफसीसी रेलवे लाइन के पुल के नीचे शुक्रवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई। हादसे के बाद उसका शव पुल के नीचे झाड़ियों में जा गिरा। हमीदा पुलिस चौकी की सूचना पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जीआरपी थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 38 से 40 वर्ष है। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जबकि दोनों टांगें कटी हुई थीं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से पुलिस को एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला, लेकिन मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।
मृतक ने लाल रंग की टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था। उसकी दाईं बाजू पर ऊ और ऊपरी हिस्से पर एसएन गोदा हुआ है। दाईं कलाई और डोले पर धागा बंधा हुआ था। पुलिस इन निशानों और हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। जीआरपी ने शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से भी लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर माना जा रहा है कि व्यक्ति रेलवे लाइन पर था और इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है जिससे यह पता लगाया जा सके कि युवक किस ओर से आया था।