यमुनानगर। पुलिस ने संतपुरा रोड स्थित एक होटल और कैफे से आपत्तिजनक चीजें बरामद करने और युवक, युवतियों को पकड़ने के मामले में होटल और कैफे को संचालित करने वाले आरोपी कमालपुर निवासी सागर, करेड़ा खुर्द निवासी पवन, चुहडपुर कला निवासी दीपक और पुराना हमीदा निवासी इरशाद को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों पर अवैध देह व्यापार कराने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से करेड़ा खुर्द निवासी पवन को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जबकि बाकी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शहर पुलिस ने सोमवार दोपहर को संतपुरा रोड स्थित एक होटल और कैफे पर रेड कर उनके संचालकों के अलावा 20-22 युवक युवतियों को पकड़ा था। इनमें कुछ युवक व युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले थे। देर शाम पूछताछ के बाद युवतियों और युवकों को छोड़ दिया गया था। लेकिन होटल व कैफे संचालकों व दलालों से पुलिस ने देर रात तक पूछताछ की। आरोप है कि आरोपी बाहर से लड़कियां बुलाकर होटल में अनैतिक कार्य करवा रहे थे। शहर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि संबंधित मामले में पवन से रिकवरी करनी है। युवाओं से कितने रुपये वसूले जाते थे। इस बारे में उनसे गहनता से पूछताछ करनी है। इनके अन्य ठिकाने देखने हैं। शहर थाना प्रभारी कमलदीप गोयल ने बताया कि इस मामले में जिस जिस के तार जुड़े मिलेंगे, उन पर कार्रवाई तय है। शहर में इस तरह की गंदगी बर्दाश्त नहीं होगी। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।