यमुनानगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र की विकास नगर कॉलोनी में बाइक सवार युवकों ने बाजार जा रही युवती से पर्स झपट लिया। पर्स में दो हजार रुपये थे। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
अग्रसेन कॉलोनी निवासी चंचल ने गांधीनगर पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे वह बाजार में जा रही थी। रास्ते में जब वह विकास नगर कॉलोनी से होते हुए पैदल जा रही थी तो बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी युवकों ने उसके हाथ से पर्स झपट लिया और मौके से भाग गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने इकट्ठा होकर आरोपियों का पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया मगर उनका कुछ भी पता नहीं चला। उसने बताया कि उसके पर्स में दो हजार रुपये व अन्य सामान था। उसने घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।