यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने चार चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एवीटी सेल के इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि खानचंद चौक से होते हुए दो युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए उत्तर प्रदेश जाएंगे।
गुप्त सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर अनिल राणा, एएसआई गुरमीत, कमल, रविंद्र, लाभ सिंह की टीम का गठन किया गया। टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की तो कुछ देर बाद दो युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। टीम ने उनके पास से चोरी की बाइक बरामद की। आरोपियों की पहचान चौधरी कॉलोनी निवासी अक्षय व भगवती कॉलोनी निवासी बादल के तौर पर हुई। आरोपियों ने चोरी की चार वारदातों का खुलासा किया है।
रमेश राणा ने बताया कि जिस बाइक पर आरोपी पकड़े गए वह बाइक उन्होंने इसी सप्ताह खालसा कॉलेज के बाहर से चोरी की थी। जिसका चेसिस व इंजन नंबर मिटाया हुआ था। इसलिए खुर्दबुर्द की धारा ईजाद की गई है। इसके अलावा उन्होंने 18 मई को थाना शहर यमुना नगर के एरिया से बाइक चोरी की थी। 15 जून को हुड्डा सेक्टर-17 से बाइक चोरी की। 10 जून को बुड़िया से बाइक चोरी की। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक भेज दिया गया।