माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। जिले में डेंगू का कहर जारी है। वहीं बुखार से दो मरीजों की मौत प्रकाश में आई है। इसमें गांव इस्माइलपुर निवासी 25 वर्षीय शुभम की मौत हुई है। वह युवा कांग्रेस का जिला महासचिव था। वहीं साढ़ौरा निवासी महिला की मुलाना अस्पताल में मौत हुई है। इसके अलावा डेंगू के आठ नए मरीज मिले हैं। अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 67 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने दोनों की मौत डेंगू से होने की पुष्टि नहीं की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि निजी अस्पतालों से उनके पास कोई जानकारी नहीं आई है, इस पर इन्हें डेंगू से मौत में शामिल नहीं किया जा सकता। वहीं शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आठ नए मरीज मिलने की पुष्टि की गई। ये मरीज दर्शन सिंह नगर, कमला नगर, कृष्णा नगर, बसातियांवाला गांव, छछरौली, तेजली और बकाना गांव में मिले हैं। नए केस मिलने के बाद जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या 67 हो गई है।
गांव इस्माइलपुर निवासी 25 साल के युवा अधिवक्ता शुभम सिंह को दो पहले ही बुखार हुआ था। शुभम युवा कांग्रेस का जिला महासचिव था। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए परिजन मोहाली के फोर्टिस अस्पताल लेकर गए थे। वहां उनके प्लेटलेट्स कम हो गए। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई है। आकाश बत्रा, इंतजार हुसैन, जस्सी विर्क, सुरेंद्र, आदि ने शुभम की मौत का दुख जताया है।
शुभम के पिता करण सिंह हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर है। उनकी ड्यूटी यमुनानगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में है। शुभम की शादी 2 साल पहले हुई थी। वह मां-बाप की इकलौती संतान था। शुभम की मौत पर सभी सामाजिक संगठनों व समाजसेवियों ने गहरा दुख प्रकट किया है। उधर, साढौरा के गांव महमदपुर निवासी 42 वर्षीया शारदा की बुखार से मौत हो गई। शारदा का मुलाना मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। हालात खराब होने पर उन्हें वहां पर हार्ट की दिक्कत आई और मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लारवा की जांच में जुटीं
जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर वागिश गुटेन ने बताया कि अब तक किसी भी मरीज की डेंगू से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। जिले में अब तक 67 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मच्छरों का लारवा चेक कर रही है। कोई बुखार का मरीज मिलता है तो उसका इलाज करवाया जा रहा है। अब तक 1216 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 100 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
डेंगू पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुटी हैं। आमजन भी इसमें सहयोग करें और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी हिदायतों का पालन करें। खासकर मच्छरों से बचाव के उपाय अमल में लाएं। -डॉ. विजय दहिया, सीएमओ