यमुनानगर। बाइक सवार दो युवकों ने शुक्रवार सुबह स्कूल जा रही टीचर के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। महिला स्कूल जाने के लिए रेलवे रोड पर ऑटो लेने के लिए पैदल जा रही थी। जब वह साईं ऑटो मोबाइल एजेंसी के पास पहुंची तो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दो युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अर्जुन नगर निवासी आरती ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सरस्वती स्कूल जगाधरी में टीचर है। वह शुक्रवार सुबह करीब सवा सात बजे रेलवे रोड पर ऑटो लेने के लिए पैदल जा रही थी। साईं ऑटोमोबाइल एजेंसी वाली गली में पीछे से बाइक पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और अग्रसेन चौक की ओर फरार हो गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद सेक्टर 17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की दी। जांच अधिकारी एएसआई वेदपाल का कहना है कि अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।