तेजली खेल परिसर में अभ्यास करते खिलाड़ी।
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। तेजली खेल स्टेडियम में खिलाड़ी अपने कोच का इंतजार करते रहते थे। कब कोच आए और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने का तरीका बताएं। परंतु कोच साहब खिलाड़ियों को निखारने की बजाय ग्राउंड से नदारद रहते थे। आते भी तो हाजिरी लगाकर निकल जाते थे। ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में खेल निदेशक ने जिला खेल विभाग के बॉक्सिंग कोच विजयवीर गुलिया को निलंबित कर दिया। खेल विभाग ने कोच से स्पष्टीकरण तो मांगा ही है साथ में उनका तबादला भिवानी कर दिया। इतना ही नहीं अभी तीन अन्य कोच और जिला खेल अधिकारी के निशाने पर हैं। तीनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निदेशक को लिखा जा चुका है। ऐसे में इन तीनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई हो सकती है।
तेजली खेल परिसर में ही जिला खेल अधिकारी का कार्यालय है। स्टेडियम में रोजाना विभिन्न खेलों का अभ्यास करने के लिए सैकड़ों की संख्या में खिलाड़ी मैदान में आते हैं। खिलाड़ी अपने खेल में निपुण हो सके इसके लिए खेल विभाग की तरफ से ज्यादातर खेलों के कोच भी नियुक्त कर रखे हैं। बॉक्सिंग कोच विजयवीर गुलिया की कई दिनों से शिकायत अभिभावकों की तरफ से जिला खेल अधिकारी को मिल रही थी। शिकायत में कहा गया था कि कोच ग्राउंड में उनके बच्चों को सिखाने के लिए कभी कभार ही आते हैं। यदि आते हैं तो कोई न कोई बहाना बनाकर चले जाते हैं। कुछ खिलाड़ियों ने खेल निदेशक को ट्वीट करके भी कोच के नहीं आने की शिकायत की थी। जिस पर खेल अधिकारी राजेंद्र पाल गुप्ता ने गंभीरता से लेते हुए औचक निरीक्षण किया। परंतु कोच खिलाड़ियों के साथ नहीं मिले। इस बारे में कोच को समझाया भी गया फिर भी वह बिना बताए अनुपस्थित ही रहते। जिस पर डीएसओ ने उनके खिलाफ खेल निदेशक को लिखा। निदेशक ने कोच को निलंबित कर दिया।
समय से पहले निकल जाते हैं कोच
कुछ कोच ऐसे भी हैं जो रोजाना ग्राउंड में आते तो हैं परंतु शाम को निर्धारित समय से पहले ही चले जाते हैं। कोच न होने के कारण खिलाड़ी भी वापस घर चले जाते हैं। जिला खेल अधिकारी ने शाम के समय ग्राउंड का औचक निरीक्षण किया तो तीन कोच गैरहाजिर मिले। इसके लिए तीनों को चेतावनी भी दी गई, परंतु वह जल्द निकल जाने से बाज नहीं आए। तीनों की अनुपस्थिति लगाते हुए उनकी शिकायत निदेशक को की गई है।
------
वर्जन
निलंबित कर दिया है बॉक्सिंग कोेच को
जिला खेल अधिकारी राजेंद्र पाल गुप्ता का कहना है कि बॉक्सिंग कोच खिलाड़ियों को सिखाने के बजाय अनुपस्थित रहते थे। इसलिए कोच विजयवीर गुलिया को निलंबित कर दिया है। तीन अन्य कोच भी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ भी निदेशक को शिकायत की गई है।